जयपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तारीख 7 दिसंबर जैसे जैसे नजदीक आती जा रही है वैसी ही सभी राजनीतिक दलों की तैयारी बड़े जोर-शोर से चल रही है। कांग्रेस-भाजपा के अलावा क्षेत्रिय पार्टियां भी अपना भाग्य आजमाने के लिए चुनावी समर में पुरजोर तरीके से उतर रही है। इस बार विधानसभा चुनावों में भाजपा, कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, हनुमान बेनीवाल की पार्टी, घनश्याम तिवाड़ी की भारत वाहिनी पार्टी, जेडीयू, जमींदारा पार्टी सहित कई पार्टियां अपनी उपस्थिति विधानसभा चुनावों में दर्ज कराने को बिल्कुल तैयार है।

फाइल फोटो
इसी कड़ी में प्रत्याशी चयन और उनकी घोषणा का सिलसिला भी शुरू हो गया। प्रदेश में सत्ताधारी दल भाजपा द्वारा रायशुमारी पूरी कर प्रत्याशियों के पैनल तैयार कर दिए गए है। अन्तिम मोहर दिल्ली में लगेगी वहीं कांग्रेस भी सभी सीटों पर स्क्रीनिंग कर केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा फाइनल होने पर प्रत्याशियों की सूची जारी करेंगी। दोनों ही दलों को प्रत्याशी फाइनल करने से पहले काफी मंत्रणा करनी पड़ रही है। दोनों दलों की पहली सूची दीवाली बाद आने की संभावना है।

फाइल फोटो
वहीं जमींदारा पार्टी ने अपने चार प्रत्याशियों की घोषणा की। पार्टी प्रदेश में 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शेष 16 सीटों पर भी जल्द ही उम्मीदवार घोषित कर दिए जाएंगे। आम आदमी पार्टी भी प्रदेश में सभी 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर चुकी है। पार्टी ने चुनाव अभियान का शुभारंभ 28 अक्टूबर को रामलीला मैदान में आयोजित रैली से किया। रैली में आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने शिरकत की। रैली में केजरीवाल ने साफ किया कि आप केवल अपने दम पर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ेगी वह किसी से गठबंधन नहीं करेगी। वहीं बहुजन समाज पार्टी ने भी अपनी पहली सूची जारी करते हुए प्रदेश की 11 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की। घनश्याम तिवाड़ी की भारत वाहिनी पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा दीवाली बाद करेगी। वहीं पीलल्स ग्रीन पार्टी, जागो पार्टी, सहित कई अन्य पार्टीयां आने वाले दिनों में प्रत्याशियों की सूची जारी करेंगी। चुनाव नामांकन की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। संभवत सभी दल इससे पहले सम्पूर्ण प्रत्याशीयों की सूची जारी कर दे। चुनावी समर की तैयारियां जोरो पर है पर लोकतंत्र के इस पर्व की पूरी रंगत प्रत्याशी घोषणा के बाद ही नजर आएगी।
