नई दिल्ली। केंद सरकार द्वारा 20 दिसंबर को नई दिल्ली में राज्यों की स्टार्टअप रैंकिंग 2018 जारी की गई। जिसमें गुजरात सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाला राज्य रहा। इस रैंकिंग में गुजरात के बाद कर्नाटक, केरल, ओड़िशा और राजस्थान का नंबर आता है। औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग (डीआईपीपी) की यह अपने तरह की पहली रैंकिंग है। डीआईपीपी ने इसकी कवायद जनवरी 2016 से शुरू कर दी थी।
इसके अलावा मार्गदर्शक राज्यों की श्रेणी में आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और तेलंगाना का स्थान रहा। वहीं आकांक्षी मार्गदर्शक राज्यों में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, और पश्चिम बंगाल ने जगह बनाई। आरंभकर्ता राज्यों में चंडीगढ़, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, पुदुच्चेरी, सिक्किम और त्रिपुरा का जगह मिली।
स्टार्ट-अप नीति नेतृत्व, नवाचार, नवाचार प्रगति, संचार, पूर्वोत्तर नेतृत्व, पर्वतीय राज्य नेतृत्व इत्यादि विभिन्न श्रेणियों में राज्यों का आकलन किया गया। इन श्रेणियों में किए जाने वाले प्रदर्शन के आधार पर राज्यों को शानदार प्रदर्शन, बेहतरीन प्रदर्शन, मार्गदर्शक, आकांक्षी मार्गदर्शक, उभरते हुए राज्य और आरंभकर्ता के रूप में पहचान की गई है।
राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के 51 अधिकारियों को ‘चैंपियन’ के रूप में चुना गया, जिन्होंने अपने राज्यों की स्टार्ट-अप इको प्रणाली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस पूरी प्रक्रिया में 27 राज्यों और तीन केन्द्रशासित प्रदेशों ने हिस्सा लिया। मूल्यांकन समिति में स्टार्ट-अप इको प्रणाली से संबंधित स्वतंत्र विशेषज्ञों को रखा गया था, जिन्होंने विभिन्न मानकों के ऊपर सभी राज्यों का मूल्यांकन किया। कई मानक लाभार्थियों के फीडबैक से संबंधित भी थे। लाभार्थियों से बातचीत करने के लिए 9 विभिन्न भाषाओं में 40 हजार से अधिक टेलीफोन कॉल किए गए, ताकि जमीनी हकीकत जानी जा सके।
