जयपुर। संगीत आश्रम संस्था की ओर से मार्निंग राग-रागनियों की शास्त्रीय संगीत सभा में 10 मार्च को पुलवामा शहीदों को भावभीनी स्वरांजलि दी। शास्त्री नगर स्थित साइंसपार्क प्रांगण में संजोए गए शहीदों को सलाम देशभक्ति कार्यक्रम में एक दर्जन से अधिक कलाकारों ने देशप्रेम के गीत गुनगुनाए। संस्था के कलाकारों ने वतनपरस्ती के तरानों की जोशीली प्रस्तुतियों से सभी को देशभक्ति के जोश से लबारेज कर दिया।
तुम समय की रेत पर…
संगीत निर्देशक अमित अनुपम की संगीतबद्ध गीतों को कलाकारों ने सुर, लय और ताल में पिरोकर वतनपरस्ती का जज्बा जगाया। तुम समय की रेत पर…, जिस पर जनम लिया… और होनहार देश के कर्णधार देश के…सरीखे गीतों पर शानदार प्रस्तुतियों से देश के प्रति अनुरक्ति भाव को पुरजोश अंदाज में दर्शाया।
ए मेरे वतन के लोगों…
इसके बाद कलाकार संध्या असवाल ने ए मेरे वतन के लोगों…,शिल्पा जसूजा ने हर करम अपना करेंगे…, रवि जोलिया ने कर चले हम फिदा…, जहां डाल-डाल पर… गरिमा व धु्रवी व्यास और शुभम, दिनेश व मनीष जोशी ने संदेसे आते हैं…गीत को दिलकश आवाज में पेश कर मौजूद श्रोताओं भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में वंशिका शर्मा, अंजू शर्मा, साधना, अंकित, सुरेन्द्र और जतिन ने भी गीत पेश किए। की-बोर्ड पर हबीब खान, गिटार पर वत्सल अनुपम, तबले पर इदरिस खान व दिलशाद खान ने प्रभावी संगत की। संचालन बीना अनुपम ने किया। अंत में संस्था सचिव अमित अनुपम ने सभी आगन्तुकों का आभार जताया। हर महीने के दूसरे रविवार को संगीत आश्रम संस्था की ओर से म्यूजिक विद् नेचर कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
