जयपुर। संगीत आश्रम संस्थान की ओर से 14 अप्रैल को शास्त्रीनगर स्थित साइंसपार्क में म्यूजिक विद् नेचर प्रातःकालीन संगीत कार्यक्रम में रामनवमी आधारित राम भजनामृत संजोया गया। संस्था के अनेक कलाकारों ने सुमधुर रचनाओं से लबरेज भजनों की सरिता बहाई, जिसमें मॉर्निंग राग-रागनियों बैरागी भैरव, अहीर भैरव, भैरवी से श्रोता भक्ति रस से सराबोर हो गए। म्यूजिक डायरेक्टर अमित अनुपम के संगीत निर्देशन में कलाकारों प्राजक्ता जायसवाल, नवमिता मुखर्जी, वंशिका शर्मा, मानसी सोनी, जियांशी, साधना रावल, शुभम वर्मा, दिनेश, सुरेन्द् ने रामकृष्ण राम- राम, राम नाम गाएजा…, कर मन हरि को ध्यान राम गुण गाइए…, प्रेम मुदित मन से कहो राम राम राम… मेरे प्रभु तू मुझको बता, रे मन हरि सुमिरन कर लिये, जैसे सलोने भजन प्रस्तुत कर आनंदित किया।
ठुमक चलत रामचंद्र...
इसके बाद कलाकार संध्या असवाल और नीता गौड ने ठुमक चलत रामचंद्र…, लोकेश सिंह ने सुख के सब साथी…, दिव्या सक्सैना, सुमित्रा अग्रवाल, गर्विता मंगल ने श्रीरामचंद्र कृपालु भजमन…, प्राजक्ता जायसवाल, साधना रावल ने पायोजी मैंने राम रतन धन पायो…, शिल्पा जसूजा ने ऐसे हैं मेरे राम…भजन को अपनी सुरीली आवाज में पिरोकर माहौल को आध्यात्म के रंग में रंग दिया। इससे पहले समाजसेवी ताराचंद जैन ने सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। की-बोर्ड पर हबीब खान, तबले पर इदरिस खान, बांसुरी पर यश सोनी, हारमोनियम पर हरीश नागौरी ने दमदार संगत की। संचालन बीना अनुपम ने किया। आखिर में संस्थान सचिव अमित अनुपम ने सभी आगन्तुकों का आभार जताया।
