मौसम कब पलटी मार जाए, इस बारे में कोई कुछ नहीं कह सकता। मौसम की मार का असर काफी बुरा होता है। दुनिया के कुछ देशों में सर्दी के इस मौसम में भी बारिश हो रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ब्राज़ील (Brazil) में ऐसा ही देखने को मिल रहा है। ब्राज़ील के मिनास गेरैस राज्य में कई जगह शनिवार रात को मूसलाधार बारिश (Torrential Rains) शुरू हुई, जो रविवार को भी जारी रही। मूसलाधार बारिश की वजह से राज्य में लैंडस्लाइड्स (Landslides) के कुछ मामले भी सामने आए, जिससे हड़कंप मच गया।
10 लोगों की मौत
ब्राज़ील में लैंडस्लाइड्स की वजह से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 9 लोग इपटिंगा (Ipatinga) के हैं। वहीं 1 व्यक्ति की मौत सैन्टाना डो पैराइसो (Santana do Paraiso) में हुई। सभी लोगों की मौत मलबे के नीचे दबने की वजह से हुई, जिन्हें बाद में फायरफाइटर्स ने निकाला।
यह भी पढ़ें- Elon Musk के Neuralink प्रोजेक्ट का कमाल, तीसरे इंसान के दिमाग में लगाई कंप्यूटर चिप
लापता व्यक्ति की तलाश जारी
बचावकर्मियों ने जानकारी दी कि इपटिंगा में अभी भी एक व्यक्ति लैंडस्लाइड्स के बाद लापता है। बचावकर्मी लापता व्यक्ति की तलाश में लगे हुए हैं। ऐसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
कई लोग घायल
ब्राज़ील के मिनास गेरैस राज्य में मूसलाधार बारिश की वजह से हुए लैंडस्लाइड्स के चलते कई लोग घायल भी हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- ईरान का बड़ा फैसला..अब तेहरान नहीं बल्कि मकरान होगी राजधानी, भारत को होगा फायदा
कई घर ढहे, सड़कों में हुए गड्ढे
इपटिंगा और सैन्टाना डो पैराइसो में लैंडस्लाइड्स की वजह से कई घर ढह गए। इतना ही नहीं, लैंडस्लाइड्स की वजह से जगह-जगह सड़कों में गड्ढे हो गए। कई व्हीकल्स इन गड्ढों में धंस गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे नज़र आए।
पहले भी लैंडस्लाइड्स ने मचाई है तबाही
ब्राज़ील में इससे पहले भी लैंडस्लाइड्स की वजह से तबाही मच चुकी है। अप्रैल-मई 2024 में भी ब्राज़ील में मूसलाधार बारिश और लैंडस्लाइड्स के चलते 180 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई थी। पिछले कुछ सालों में ब्राज़ील में लैंडस्लाइड्स के कई मामले सामने आए हैं।