गोरखपुर में होली हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में मौजूद हैं और वह भी शहरवासियों के साथ होली मनाएंगे। सुबह गोरखनाथ मंदिर में जल चुकी होलिका की राख उड़ाएंगे। उसका तिलक लगाएंगे और फाग गीतों का आनंद लेंगे। गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में गुरु गोरक्षनाथ के चरणों में होलिका की राख चढ़ाने के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) की ओर से आयोजित होने वाली भगवान नरसिंह की रंगभरी शोभा यात्रा में शामिल होने के लिए घंटाघर रवाना हो जाएंगे।
वहां भगवान नरसिंह की आरती उतारेंगे। मुख्यमंत्री के सामने RSS का ध्वज फहराया जाएगा। उसके बाद मुख्यमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए होली की शुभकामनाएं देंगे। RSS की प्रार्थना के बाद मुख्यमंत्री फ़ूलों एवं अबीर-गुलाल से होली खेलेंगे। मंच के सामने बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहेंगे। इसके बाद शोभायात्रा को रवाना कर दिया जाएगा।
और भव्य होगी शोभायात्रा
इस बार शोभायात्रा को और भव्य बनाने के इंतजाम किए गए हैं। RSS के शताब्दी वर्ष में खेली जाने वाली इस होली में होलिकोत्सव समिति ने यात्रा व उससे जुड़े कार्यक्रमों को विस्तार दिया है। समिति के अध्यक्ष मनोज जालान ने बताया कि ध्वज की ऊंचाई 8 से बढ़ाकर 30 फीट कर दी गई है। अबीर व गुलाल की मात्रा बढ़ाई गई है। शोभा यात्रा में पिछले बार की तुलना में दोगुनी गाड़ियां शामिल होंगी। 3 की जगह 6 गाड़यां शामिल होंगी। शोभायात्रा को भव्यता प्रदान करने के लिए डंकों (वाद्य यंत्रों) की संख्या बढ़ाकर 3 गुनी कर दी गई है। पहले 5 डंके शामिल होते थे,इस बार 15 होंगे।
लाल, केसरिया, गुलाबी, सफेद व पीले रंग का दो क्विंटल गुलाल उड़ाया जाएगा
शोभा यात्रा स्थल पर RSS का ध्वज बांसुरी की धुन पर चढ़ेगा और बिगुल की धुन पर उतारा जाएगा। यात्रा की शुरूआत में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में 5 रंगों के 2 क्विंटल गुलाल उड़ाए जाएंगे। इनमें लाल, केसरिया,गुलाबी, सफेद व पीले रंग का गुलाल शामिल है। रास्ते के लिए अलग से 4 से 5 क्विंटल गुलाल का इंतजाम किया गया है। इसके साथ ही गुलाब की 50 किलो पंखुड़ियां उड़ाने का इंतजाम भी किया गया है। नीले व काले रंग के गुलाल पर पूरी यात्रा के दौरान प्रतिबंध रहेगा। गुब्बारे का इस्तेमाल भी नहीं किया जा सकेगा।
यह होगा शोभा यात्रा का मार्ग
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद शोभायात्रा रवाना हो जाएगी। घंटाघर से चलकर लालडिग्गी पार्क, मिर्जापुर, जाफरा बाजार, बेनीगंज, आर्यनगर, बक्शीपुर, रेती चौक, नखास होते हुए वापस घंटाघर पहुंचकर संपन्न होगी। हर चौराहों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है। मोहल्ले के लोग छतों से रंग बरसाएंगे।
No tags for this post.