10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली बर्फीली हवाएं, वर्ष का सबसे सर्द दिन रिकार्ड हुआ गुरुवार

10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली बर्फीली हवाएं, वर्ष का सबसे सर्द दिन रिकार्ड हुआ गुरुवार

पारे में आई गिरावट, 2 दिन बंद रहेंगे नर्सरी से मिडल तक के सभी स्कूल

टीकमगढ़. गुरुवार की सुबह से जिले में छाए कोहरे के साथ ही पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे तो बर्फीली हवाओं ने लोगों को जमकर परेशान किया। 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण लोगों को दिन में भी ठिठुरन का अहसास होता रहा और लोग बचने के लिए दिन में अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। मौसम के इस बदलाव के बाद कलेक्टर ने नर्सरी से लेकर मिडल स्कूलों की 2 दिन की छुट्टियां घोषित कर दी है।
गुरुवार का दिन जिले का सबसे सर्द दिन रिकार्ड किया गया। धूप न निकलने और बर्फीली हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और यह 17.5 अंक रिकार्ड किया गया। जबकि रात के तापमान में बढ़ोत्तरी देखी गई और यह 10.3 डिग्री पर पहुंच गया। गुरुवार को पूरे दिन चली सर्द हवाओं ने लोगों को खासा परेशान कर दिया। आलम यह था कि लोगों को न तो घरों के अंदर और न ही बाहर सर्दी से राहत मिल रही थी। ऐसे में लोग पूरे दिन अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। काम से बाहर निकलने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हुई। ऐसे में उन्हें जहां भी अलाव जलता दिखाई दिया वह राहत लेने पहुंचे। अचानक से बदले इस मौसम के बाद कई लोगों ने अपने घरों में लकड़ियों की व्यवस्था की और आग का सहारा लिया। मौसम विभाग ने अभी दो दिन ऐसा ही मौसम रहने का अंदेशा जताया है।
बारिश की संभावना
कृषि महाविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक दीपक कोर्डें ने आगामी 24 घंटे ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। साथ ही उन्होंने बारिश होने का अंदेशा भी जताया है। उनका कहना था कि जिले में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ रहेगा।
स्कूली की हुई छुट्टी
सर्द हवाओं एवं पारे में लगातार गिरावट दर्ज होने के बाद कलेक्टर अवधेश शर्मा ने जिले में दो दिन के लिए स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए कलेक्टर शर्मा ने नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों की 17 एवं 18 जनवरी की छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं स्कूलों में परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय से होने एवं सभी शिक्षकों को यथावत स्कूल जाने के निर्देश दिए गए है।
पिछले पांच दिनों का जिले का तापमान
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
16 जनवरी 17.5 10.3
15 जनवरी 19.0 8.7
14 जनवरी 22.7 9.0
15 जनवरी 20.5 10.3
14 जनवरी 20.0 11.2

No tags for this post.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *